फरीदाबाद : ऑनलाइन मुनाफे का लालच देकर की दो लाख 31 हजार की ठगी
फरीदाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। ऑनलाइन निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक व्यक्ति से दो लाख 31 हजार 860 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक खाताधारक को जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिग्विजय सिंह निवासी जयपुर के रूप में हुई है। आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 80 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 3 अक्टूबर 2026 को उसकी बातचीत sangam.com के माध्यम से एक युवती से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच टेलीग्राम पर बातचीत होने लगी। इस दौरान कथित युवती ने उसे ऑनलाइन निवेश के जरिए अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल दो लाख 31 हजार 860 रुपये उसके बताए खातों में भेज दिए। बाद में ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने ठगी की रकम प्राप्त करने वाले बैंक खाते के खाताधारक दिग्विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बीटेक पास है और जयपुर की एक निजी कंपनी में आईटी डेवलपर के रूप में कार्यरत है। उसके बैंक खाते में ठगी के 80 हजार रुपये आए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

