फरीदाबाद : शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर एक करोड़ की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर एक करोड़ की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार


फरीदाबाद, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर एक करोड़ 8 लाख 10 हजार रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आयुष निवासी फतेहपुर, उत्तर प्रदेश के रुप में हुई है। आरोपी के बैंक खाते में ठगी के 15 लाख रुपये आए थे। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में अब तक आरोपी आयुष सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-21 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि उसके व्हाट्सएप पर एक संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने स्वयं को एसबीआई सिक्योरिटी का कर्मचारी बताया। इसके बाद शिकायतकर्ता को एक लिंक भेजकर कथित तौर पर एसबीआई सिक्योरिटी का एडवांस ब्रोकर अकाउंट खुलवाया गया और उसे व्हाट्सएप ग्रुप जे 5-एसबीआई सिक्योरिटी ग्रुप में जोड़ दिया गया। शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग बैंक खातों में सितंबर 2025 से नवंबर 2025 के बीच कुल 1,08,10,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे न तो निवेश की गई राशि वापस मिली और न ही मुनाफा। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आयुष खाताधारक है। उसने अपना बैंक खाता टेलीग्राम के माध्यम से साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। आरोपी के खाते में ठगी की रकम में से 15 लाख रुपये आए थे। आरोपी ऑटो पाट्र्स की दुकान चलाता है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि ठगी की रकम के लेन-देन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760782 Articles

Share this story