फरीदाबाद : टेलीग्राम टास्क के नाम पर ठगी, चार आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 28 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में टेलीग्राम टास्क के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने खाताधारक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तरप्रदेश निवासी कुंवरपाल, अखण्ड, मुस्तफा व अरमान के रुप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार काे बताया कि तिलपत फरीदाबाद निवासी एक महिला ने साइबर थाना सेंट्रल में दी अपनी शिकायत में बताया कि पिछले महीने उसके टेलीग्राम पर एक मेसेज आया, जिसमें टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने बारे बताया गया था। फिर शिकायतकर्ता को ठगों द्वारा प्रीपेड टेलीग्राम टास्क में निवेश करने बारे प्रेरित किया गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शनके जरिये ठगों द्वारा बताये खाता में कुल दो लाख सात हजार 200 रुपए भेज दिये। इस संबंध में साइबर थाना सेंट्रल में ठगी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कुंवरपाल खाताधारक है, जिसके खाता में ठगी के 26 हजार रुपए आये थे। कुंवरपाल ने अपना खाता मुस्तफा को दिया था, मुस्तफा ने आगे अखण्ड व अखण्ड ने यह खाता आगे अरमान को दे दिया था। कुंवरपाल 10वीं, मुस्तफा डी-फार्मेंसी, अखण्ड 12वीं व अरमान बीबीए पास है। सभी को शनिवार अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

