फरीदाबाद : जॉब का झांसा देकर 17.99 लाख की साइबर ठगी, दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : जॉब का झांसा देकर 17.99 लाख की साइबर ठगी, दो आरोपित गिरफ्तार


फरीदाबाद, 17 अक्टूबर (हि.स.)। टेलीग्राम पर पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर प्रीपेड टास्क के नाम पर 17 लाख 99 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ओमप्रकाश उर्फ मुरली और जगमीत सिंह, निवासी गांव धारंगवाला, जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दोनों आरोपितों को शनिवार अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बल्लभगढ़, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि 9 जनवरी 2026 को उसके टेलीग्राम पर एक अनजान आईडी से पार्ट टाइम जॉब के संबंध में मैसेज आया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप से जोडक़र प्रीपेड टास्क पूरे करने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर करवाए गए। शुरुआत में कुछ रकम वापस कर आरोपितों ने शिकायतकर्ता का विश्वास जीत लिया। इसके बाद रिवॉर्ड बंडल, वॉलेट बैलेंस ठीक करने और बड़ी रकम निकालने के नाम पर उससे लगातार पैसे जमा करवाए गए। रकम निकालने के लिए बार-बार नए शुल्क मांगे जाने पर शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। आरोपितों ने उससे कुल 17 लाख 99 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए, जबकि 52 हजार 298 रुपये प्रॉफिट के रूप में वापस किए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपित एक ही गांव के रहने वाले हैं और एक-दूसरे के जानकार हैं। आरोपित ओमप्रकाश ने जगमीत सिंह का बैंक खाता लेकर आगे जयपुर में उपलब्ध करवाया था। जांच में सामने आया कि जगमीत सिंह के खाते में ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये प्राप्त हुए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762433 Articles

Share this story