फरीदाबाद : क्रेडिट कार्ड पॉइंट रिडीम के नाम पर धोखाधड़ी, महिला आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : क्रेडिट कार्ड पॉइंट रिडीम के नाम पर धोखाधड़ी, महिला आरोपी गिरफ्तार


फरीदाबाद, 31 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में एक महिला आरोपी को उत्तम नगर, दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि ऊंचा गांव, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया कि 11 नवम्बर 2025 को उसके पास एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाली महिला ने स्वयं को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड में 2000 रिवॉर्ड पॉइंट हैं, जिन्हें रिडीम कर वह शॉपिंग कर सकता है। आरोपी महिला ने उसे एक लिंक भेजा और उस लिंक को खोलकर क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरने के लिए कहा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने लिंक पर अपनी जानकारी दर्ज की, कुछ ही समय बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 25 लाख 782 रुपये कट गये। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता को कॉल करके क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने का झांसा दिया और एक फर्जी लिंक भेज कर उसपर क्रैडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी भरने के लिए कहा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने जानकारी फर्जी लिंक के माध्यम से भरी उसके खाता से पैसे कट गये। आरोपी महिला को मंगलवार काे अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story