फरीदाबाद : क्रेन हादसे के बाद पुल का काम बंद, जांच रिपोर्ट आने के बाद होगा शुरू

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : क्रेन हादसे के बाद पुल का काम बंद, जांच रिपोर्ट आने के बाद होगा शुरू


फरीदाबाद, 07 जून (हि.स.)। गांव पन्हेड़ा खुर्द के पास नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से जुड़े ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर हुए गैंट्री क्रेन हादसे के बाद निर्माण कार्य पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच समितियों की रिपोर्ट आने के बाद ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू किए जाने की संभावना है। एनएचआईए के दो बड़े अधिकारियों के नेतृत्व में एक कमेटी इस पूरे मामले की जांच कर रही है जिसके बाद ये साफ हो पाएगा कि, हादसा तेज तूफान के कारण हुआ या फिर किसी कर्मचारी की लापरवाही के चलते हुआ। इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें तेज तूफान के बीच में ये मशीनें गिरती हुई दिखाई दे रही हैं। तेज तूफान के बीच करीब 150 टन की वजन वाली गैंट्री क्रेन मशीन पहले करीब 200 मीटर तक फिसलते हुए चली गई और फिर दूसरी मशीन से टकराकर वहां पर बने कंटेनर के पोर्टा केबिन के ऊपर गिर गई थी इस हादसे की जांच के लिए एनएचएआई की तरफ से जीएम डॉ. प्रदीप कुमार और अनिल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी मौके की पड़ताल कर हादसे पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। जिला प्रशासन ने भी एडीसी के नेतृत्व में हादसे की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है। हादसे के बाद एनएचएआई के कुछ अधिकारियों ने मौके का दौरा तो किया , मगर उन्होंने किसी भी सामान को हिलाया-डुलाया नहीं। फिलहाल कमेटी के दौरे का इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि करीब 20 दिन तक यहां पर फ्लाईओवर के निमार्ण का काम बंद रह सकता है। कमेटी के दौरे के बाद काम को फिर से शुरू करने की कवायद की जा सकती है। एनएचएआई के एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक प्राथमिक स्तर पर ऐसा लग रहा है कि गैन्ट्री क्रेन के ब्रेक नहीं लगाए गए थे। जिस कारण तेज तूफान में मशीन फिसलती चली गई और कंटेनर के ऊपर जा गिरी। हालांकि कमेटी की जांच के बाद ही कुछ साफ तौर से कहा जा सकेगा। गौरतलब है कि चार जून को आए तेज तूफान और बारिश के दौरान करीब 150 टन वजन वाली गैंट्री क्रेन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर तक फिसल गई थी। इसके बाद वह दूसरी मशीन से टकराते हुए साइट पर बने पोर्टा केबिन और कंटेनर के ऊपर गिर गई। हादसे के समय केबिन के अंदर मौजूद एक इंजीनियर और तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई थी जबकि एक घायल हो गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story