फरीदाबाद : प्रदर्शन के मद्देनजर अलर्ट रही पुलिस, नाके लगाकर की जांच

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : प्रदर्शन के मद्देनजर अलर्ट रही पुलिस, नाके लगाकर की जांच


फरीदाबाद, 10 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रस्तावित सीजेपी के प्रदर्शन के मद्देनजर फरीदाबाद पुलिस पूरी तरह से अलर्ट रही। इस दौरान पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और दिल्ली बॉर्डर के साथ लगते सात स्थानों पर नाकेबंदी करके वाहनों की जांच की। प्रत्येक नाके की सुपरवाइजरी, सहायक पुलिस सहायक स्तर के अधिकारी द्वारा की गई जबकि निरीक्षक स्तर के अधिकारी को नाका का इंचार्ज लगाया गया है। फरीदाबाद के अंतर्गत सभी मेट्रो स्टेशन पर तीन-तीन पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। इस दौरान पुलिस ने मांगर चुंगी (थाना धौज), शूटिंग रेंज (थाना सूरजकुंड), पहलादपुर पुल बॉर्डर (थाना सूरजकुंड), बदरपुर बॉर्डर (थाना सराय ख्वाजा), दुर्गा बिल्डर (थाना पल्ला), बसंतपुर पुस्ता रोड (थाना पल्ला), इस्माइलपुर रोड (थाना पल्ला) आदि पर नाकाबंदी की। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर फरीदाबाद में कई कांग्रेसी व अन्य पार्टियों के नेताओं को भी हाउस अरेस्ट किया, जिनमें बल्लभगढ़ से कांग्रेसी नेता मनोज अग्रवाल, सुमित गौड़, रोहित नागर, अनिल नेताजी आदि शामिल रहे। उधर सीजेपी के प्रदर्शन के चलते फरीदाबाद से होकर गुजरने वाली 7 ट्रेनों को रद्द किया गया। इंदौर से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 12415 और इसकी वापसी सेवा 12416 शामिल है। इसके अलावा जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन आने वाली ट्रेन संख्या 12189 और इसकी वापसी सेवा 12190 भी सूची में शामिल है। बांद्रा टर्मिनस से हजरत निजामुद्दीन आने वाली ट्रेन संख्या 12247 और इसकी वापसी सेवा 12248 भी प्रभावित रहेगी। आगरा कैंट से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 14211 भी सूची में शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story