फरीदाबाद : छज्जा गिरने से हुई बुजुर्ग महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : छज्जा गिरने से हुई बुजुर्ग महिला की मौत


फरीदाबाद, 10 जून (हि.स.)। बल्लभगढ़ स्थित सुभाष कॉलोनी के हरि विहार इलाके में बुधवार सुबह एक हादसा हो गया। मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिरने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला सुबह शौच के लिए छज्जे पर बने बाथरूम में गई थी। आदर्श नगर थाना पुलिस के अनुसार हरि विहार निवासी जयवती (55) बुधवार सुबह बाथरूम के लिए उठी थी। वह छज्जे पर बने बाथरूम में दाखिल ही हुई थी कि अचानक बाथरूम वाला हिस्सा छज्जे समेत टूटकर नीचे गिर गया। छज्जा गिरने से जयवती मलबे के नीचे दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतका की बेटी संगीता ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के चलते वह और उसकी दोनों बहनें अपनी मां के घर आई हुई थी। परिवार पहले ही पिता को खो चुका है और अब घर में केवल एक भाई ही बचा है। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है। सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story