फरीदाबाद : चाचा की चाकूओं से गोदकर हत्या, भतीजे ने भाग कर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : चाचा की चाकूओं से गोदकर हत्या, भतीजे ने भाग कर बचाई जान


फरीदाबाद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बल्लभगढ़ के सेक्टर-62 चौराहे पर रविवार देर रात चाकुओं से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शाहपुर गांव निवासी लक्ष्मण (45) के रुप में हुई है। आरोप है कि आठ-दस अज्ञात युवकों ने चाचा-भतीजे पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसका भतीजा महेश घायल हुआ है और उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात लक्ष्मण अपने भतीजे महेश के साथ सेक्टर-62 चौराहे पर चाउमीन और बर्गर लेने गया था। इसी दौरान वहां फास्ट-फूड की रेहड़ी लगाने वाले प्रशांत और रिंकू नामक युवकों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढऩे के बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया और इसी दौरान लक्ष्मण पर चाकुओं से कई वार किए गए। परिजनों के अनुसार, लक्ष्मण के दूसरे भतीजे ने बताया कि उसकी आंखों के सामने आरोपियों ने उसके चाचा पर चाकू से हमला किया। इसके बाद आरोपी चाकू लेकर उसके पीछे भी दौड़े और उसे मारने का प्रयास किया। वह किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना में महेश को भी चोटें आई हैं और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक के भतीजे ने आरोप लगाया कि चाचा पर हमला होने के दौरान उसने कई बार डायल-112 पर फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद एक राहगीर की मदद से वह बाइक पर घायल लक्ष्मण को अस्पताल लेकर गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आदर्श नगर एसीपी अशोक डागर ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story