फरीदाबाद : कार के अंदर मिली दो सगे भाइयों की लाश
फरीदाबाद, 07 मार्च (हि.स.)। नवीन नगर इलाके में एक कार से दो सगे भाईयों के शव बरामद किए गए है। मृतकों की पहचान रोशन नगर निवासी 44 वर्षीय कुंदन कुमार और 38 वर्षीय रंजन कुमार के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में दोनों की मौत दम घुटने से हुई बताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवाए हैं। पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि नवीन नगर इलाके में अगवानपुर को जाने वाले रोड पर खड़ी एक कार में दो व्यक्तियों के शव पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को खोलकर दोनों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने शनिवार काे बताया कि, दोनों मृतक मूल रूप से बिहार के छपरा के रहने वाले है। मृतकों में बड़ा भाई कुंदन कुमार (44) और छोटा भाई रंजन कुमार (38) था। मृतक कुंदन कुमार फौज से रिटायर था जबकि छोटा भाई एक पैर से अपाहिज था। दोनों रोशनगर इलाके में पिछले काफी समय से रह रहे थे। पुलिस की जांच में अभी तक सामने आया है कि दोनों की कार के अंदर दम घुटने से मौत हुई है। पुलिस को जब शाम को जानकारी मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान कर ली है और परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार काफी समय से उसी स्थान पर खड़ी हुई थी, जिससे शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने बताया कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे से कार वहीं पर खड़ी हुई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

