फरीदाबाद: चलती कार में लगी आग, तीन दोस्तों ने बाहर निकलकर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद: चलती कार में लगी आग, तीन दोस्तों ने बाहर निकलकर बचाई जान


फरीदाबाद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में तिगांव रोड स्थित श्मशान घाट के पास चलती टाटा नेक्सॉन कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार तीन युवक इंजन से धुआं निकलता देख समय रहते वाहन रोककर बाहर निकल गए। कुछ ही देर में कार आग का गोला बन गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार घटना में किसी तरह की जन हानि नहीं हुई। बल्लभगढ़ के आजाद नगर का रहने वाला मनीष अपनी टाटा नेक्सॉन कार लेकर रात को सीएनजी डलवाने के लिए सेक्टर 8 की तरफ जा रहा था। इसी दौरान वह भीकम कॉलोनी अपने दोस्त हिमांशु और कृष्णा को लेने के लिए गया था। जहां से वह उनको वापस लेकर सीएनजी पंप की तरफ जा रहा था। मनीष के मुताबिक अचानक इंजन से धुआँ निकलने लगा। जिसके बाद उन्होंने गाड़ी को फौरन वहीं पर रोक दिया और उससे नीचे उतर गए। कुछ ही देर में पूरी कार आग का गोला बना गई। उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। मामले की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। शहर थाना पुलिस अधिकारी उमेश ने बताया कि ड्राइवर के मुताबिक हादसे में किसी प्रकार की कोई जन-हानि नही हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story