फरीदाबाद : सांड के हमले से जख्मी हुए बुजुर्ग की हुई मौत
आठ माह के दौरान आवरा पशुओं के हमले में पांच मौतें, दो हुए जख्मी
फरीदाबाद, 13 नवंबर (हि.स.)। छह दिन पूर्व सांड द्वारा किए गए हमले में जख्मी बुजुर्ग की शुक्रवार उपचार के दौरान मौत हो गई। सांड ने बुजुर्ग पर हमला कर उसे अपने सींग से करीब सात फीट हवा में उछाल दिया था, जिससे वह सडक़ पर गिरकर जख्मी हो गया था और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा था। फरीदाबाद के डबुआ इलाके में चरण सिंह सात नवंबर की रात रोजाना की तरह गुरुद्वारे से घर लौट रहे थे। गली में सामने से आए आवारा सांड ने उन्हें सींगों पर उठाकर जमीन पर पटक दिया। इससे उनकी छाती में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उन्हें सेक्टर-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा। करीब पांच दिन तक उनका इलाज चला। शुक्रवार को चरण सिंह ने दम तोड़ दिया। पोते गुरप्रीत का आरोप है घर के आसपास बेसहारा पशु खुलेआम घूमते रहते हैं, मगर निगम इन्हें पकडऩे के लिए अभियान नहीं चलाता। आठ माह के दौरान आवरा पशुओं के हमले में पांच मौतें हुई है, जबकि दो जख्मी हो चुके है। इससे पूर्व 24 अप्रैल को फरीदाबाद के सेक्टर-15 ए में आवारा पशु ने एक महिला और उनकी दो बेटियों को पटककर घायल कर दिया। 11 अगस्त को एनआईटी- 3 में सडक़ पर बैठे पशु से स्कूटी टकराने पर आशु खत्री की मौत हो गई। 12 सितंबर को बीके चौक के पास गोवंश से बचने के प्रयास में स्कूटी सवार अभिषेक टैंकर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी जान चली गई। 25 सितंबर को ऑटो तिलक नगर पुलिया के पास सांड की टक्कर से बाइक सवार सुनील कुमार पांडे की मौत हो गई। 19 अक्टूबर को कोराली-अटाली रोड पर सांड से बाइक टकराने के हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई और सात नवंबर को 70 वर्षीय चरण सिंह सांड के हमले का शिकार हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

