फरीदाबाद : विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रही है कांग्रेस: धर्मेन्द्र प्रधान
-भाजपा की पदयात्रा में पहुंचने पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद
फरीदाबाद, 01 नवंबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि कांग्रेस को जब तक चुनाव में जीत मिलती है, तब तक ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया सही लगती है, लेकिन हारते ही उसे गड़बड़ी नजर आने लगती है। राहुल गांधी ने तीन बार चुनावी हार के बाद प्रधानमंत्री बनने के जो मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखे थे, वे टूट गए। अब कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है।
सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को फरीदाबाद में भाजपा की पदयात्रा में पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी और उसके नेता राजनीतिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं। उन्हें देश की संसद से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक किसी संस्था पर भरोसा नहीं है। कांग्रेस देश की बढ़ती ताकत को देख नहीं पा रही और विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रही है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि अंगूर नहीं मिलते तो उन्हें खट्टा बताने लगती है। केरल और कर्नाटक में चुनाव जीतने पर उसे चुनाव प्रक्रिया सही लगती है, लेकिन बिहार, हरियाणा, यूपी और राजस्थान जैसे राज्यों में हारने पर ईवीएम में गड़बड़ी नजर आने लगती है।
उन्होंने कहा कि जो पार्टी संसद में चर्चा नहीं कर सकती, वह रामलीला मैदान में क्या करेगी। प्रधान ने गांधी परिवार को लोकतंत्र का सबसे बड़ा विरोधी बताते हुए कहा कि इसी परिवार ने संविधान में मनमाने संशोधन किए और देश में आपातकाल लगाया था। उन्होंने कहा कि भाजपा एनडीए के साथ पूरे देश में भीड़तंत्र को खत्म कर लोकतंत्र को बचाने के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ अभियान के तहत एनआईटी के बीके चौक से हार्डवेयर चौक तक पदयात्रा निकाली। इसका नेतृत्व केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री एवं फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने किया। इसमें गुरुग्राम के सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, खेल मंत्री गौरव गौतम, मंत्री राव नरबीर विधायक मूलचंद शर्मा, धनेश अदलखा और सतीश फागना सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

