फरीदाबाद : पुलिस ने बिट्टू बजरंगी को किया घर में नजरबंद

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पुलिस ने बिट्टू बजरंगी को किया घर में नजरबंद


फरीदाबाद, 03 अगस्त (हि.स.)। नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी को पुलिस ने सोमवार को घर पर हाउस अरेस्ट कर लिया। वह आज नूंह में शिव मंदिर पर जल चढ़ाने के लिए जाने वाला था, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा उसको मंजूरी नहीं दी गई है। देर रात से ही पुलिस की एक टुकड़ी उसके घर के बाहर तैनात कर दी गई। बता दें कि साल 2023 में नूंह में 31 जुलाई को नल्हड़ महादेव मंदिर पर जलाभिषेक यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच में हिंसा हो गई थी। इस दौरान उपद्रवियों ने पथराव, आगजनी और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था, इसमें 6 लोगों की मौत हुई थी,जिनमें 2 होमगार्ड भी शामिल थे। नूंह हिंसा से जुड़े 100 से अधिक मामलों में कुल 595 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। बिट्टू बजरंगी ने कहा कि इस देश में किसी को कहीं भी जाकर पूजा करने का हक है, लेकिन प्रशासन को केवल बिट्टू बजरंगी दिखाई देता है। उसको नूंह में घुसने नहीं दिया जा रहा है। वह भी इस देश का ही रहने वाला है, लेकिन पुलिस द्वारा उसके साथ ऐसा बर्ताव किया जा रहा है, जैसे वह कोई आतंकवादी हो। रात के 11 बजे से ही पुलिस उसके घर पर पहुंच गई और उसको हाउस अरेस्ट किया हुआ है। नूंह जिले की फिरोजपुर झिरका विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक मामन खान को लेकर बिट्टू बजरंगी ने कहा कि वो आज भी नूंह में बैठा है, लेकिन उसका देश निकाला नहीं हो रहा है। उसको हर बार जाने से रोक दिया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story