फरीदाबाद में बिजली कर्मियोंं की हड़ताल का असर, कई इलाकों में गुल रही बिजली
फरीदाबाद, 22 अक्टूबर (हि.स.)। गुरुग्राम-नूंह में निजी कंपनी को बिजली सप्लाई का लाइसेंस देने के विरोध में गुरुवार को बिजलीकर्मियों ने हड़ताल शुरू कर दी। इस हड़ताल का फरीदाबाद में व्यापक असर देखने को मिला, जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जहां बिजली व्यवस्था बुरी तरह से चरमराई नजर आई वहीं शहरी क्षेत्रों में भी लोगों को बिजली की कमी के चलते सडक़ों पर उतरना पड़ा। हड़ताल के चलते कई गांवों में बिजली व्यवस्था ठप है, वहीं शहर के कई सेक्टरों में भी ब्लैकआउट जैसी स्थिति दिखाई दी। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हड़ताल के दौरान जिले के ज्यादातर बिजली कार्यालयों के बाहर ताले लटके दिखाई दिए। वहीं, हड़ताल को सफल बनाने के लिए कर्मचारियों ने विभिन्न बिजली दफ्तरों पर प्रदर्शन किया। एनआईटी क्षेत्र के जवाहर कालोनी में सुबह से ही बिजली गुल रही, कई इलाकों में बिजली आपूर्ति सुचारु नजर आई तो कईयों में बिजली पूरी तरह से बाधित रही, जिसके चलते लोगों को भारी परेशानियां पेश आई। इसके अतिरिक्त एनआईटी नंबर दो में बिजली गुल होने पर जब लोग बिजली सब स्टेशन पहुंचे तो वहां कोई कर्मी नहीं मिला, जिसके चलते लोग नाराज हो गए और उन्होंने लखानी धर्मशाला के समक्ष सडक़ जाम कर दी और नारेबाजी शुरु कर दी। इसके अलावा एनआईटी नंबर तीन, एन.एच.-5 के कई ब्लाकों, कालोनियों व सेक्टरों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोगों का कहना था कि सरकार को विभिन्न टैक्स देने के बावजूद कर्मचारी हड़ताल पर क्यों गए, आखिरकार सरकार और कर्मचारियों ने आपस में तालमेल क्यों नहीं बिठाया, जिसका खमियाजा जनता को भगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे ही हर विभाग के कर्मचारी मनमानी करेंगे और तीन-तीन दिन हड़ताल पर चले जाएंगे तो स्थिति कौन संभालेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

