फरीदाबाद : बिजली संकट से परेशान लोगों ने लगाया सडक़ पर जाम
फरीदाबाद, 27 अप्रैल (हि.स.)। शहर के विनय नगर इलाके में पिछले पांच दिनों से जारी बिजली संकट ने लोगों का सब्र तोड़ दिया। रविवार देर रात स्थानीय निवासियों ने घरों से बाहर निकलकर सडक़ जाम कर कई घंटे तक जमकर हंगामा किया। लोगों की मांग है कि इलाके में तीन नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं, ताकि बिजली आपूर्ति सुचारू हो सके। स्थानीय निवासी संदीर, संतोष और जनक ने बताया कि वार्ड नंबर 25-26 के लोग पिछले कई दिनों से भारी परेशानी झेल रहे हैं। बिजली न होने के कारण पीने के पानी की भी किल्लत हो गई है। हालात ऐसे हैं कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें स्कूल भेजना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि इलाके में लगा ट्रांसफॉर्मर लोड नहीं उठा पा रहा। गर्मी बढऩे के साथ समस्या और गंभीर हो गई है। बिजली विभाग ने पिछले एक हफ्ते में तीन बार ट्रांसफॉर्मर बदला, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। हंगामे की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। पुलिस ने बिजली विभाग के कर्मचारियों से लोगों की बात कराई और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया और स्थिति सामान्य हो गई।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

