फरीदाबाद : कार पर गिरा बिजली का खंभा, हादसा टला
फरीदाबाद, 23 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद के एनआईटी एक नंबर मार्किट में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। विजय रामलीला कमेटी के पास एक बिजली का खंभा अचानक नीचे से टूटकर गिर गया। खंभा पास में खड़ी एक कार के ऊपर गिरा, जिसके चलते कार में काफी नुकसान हो गया। गनीमत रही की खंभे के गिरने के दौरान कोई उसकी चपेट में नही आया। एनआईटी एक नंबर के रहने वाले सोनू ने जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह गली में घर के बाहर लगा बिजली का खंभा अचानक से गिर गया। खंभा घर के बाहर खड़ी उनकी गाड़ी पर आकर गिरा, जिससे उनक गाड़ी में काफी नुकसान हुआ है। उन्होनें कहा कि बिजली का खंभा बिल्कुल नीचे से टूटा है। खंभे में किसी ने कोई टक्कर नही मारी है लेकिन उसके बाद भी यह अचानक से टूट गया। उन्होंने कहा कि खंभे पर बिजली के तारों की लाइन काफी लंबी थी। जिसका वजन काफी ज्यादा हो रहा था। खंभे के टूटकर गिरने के बाद सूचना बिजली विभाग को दे दी गई। जिसके बाद बिजली विभाग ने इस इलाके की सप्लाई बंद कर दी। हांलाकि खंभे के अचानक से टूटकर गिरने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नही हो पाया है। ऐसे माना जा रहा है कि खंभा नीचे से काफी कमजोर था और पिछले कई दिनों से लगातर बारिश हो रही थी इस कारण ये हादसा हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

