फरीदाबाद : शास्त्रार्थ में हराने वाले को बाबा ने किया 51 लाख व घोड़ा देने का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : शास्त्रार्थ में हराने वाले को बाबा ने किया 51 लाख व घोड़ा देने का ऐलान


जिंदा पिता की श्रद्धांजलि सभा कर पहले भी चर्चा में आए थे स्वामी राजेंद्र देव

फरीदाबाद, 15 नवंबर (हि.स.)। जिंदा पिता की श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर सुर्खियों में आए स्वामी राजेंद्र देव महाराज अब अश्वमेध यज्ञ की तर्ज पर देशभर में घोड़ा यात्रा निकालने की तैयारी कर रहे हैं। बाबा के अनुसार, 28 नवंबर को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के खैर स्थित इच्छापूर्ति धाम आश्रम से यात्रा शुरू होगी, जो 215 दिन तक विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए 30 जून को दिल्ली में संपन्न होगी। बाबा ने धार्मिक विषयों पर शास्त्रार्थ की खुली चुनौती देते हुए ऐलान किया है कि जो भी उन्हें शास्त्रार्थ में पराजित करेगा, उसे घोड़े के साथ 51 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। उनका दावा है कि घोड़ा एक भक्त ने दान किया है और इनामी राशि भी भक्तों के सहयोग से जुटाई गई है। इस दौरान घोड़े को रोककर चुनौती देने वालों को शास्त्रार्थ करना होगा। फरीदाबाद के पन्हेड़ा कलां गांव निवासी राजेंद्र ने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई के बाद नौकरी और कारोबार किया। वर्ष 2010 में उन्होंने साधु बनने का फैसला किया और स्वामी राजेंद्र देव महाराज नाम धारण कर लिया। करीब तीन साल बाद उन्होंने खैर में इच्छापूर्ति धाम आश्रम की स्थापना की। राजेंद्र देव इससे पहले 3 अगस्त 2025 को अपने 79 वर्षीय जीवित पिता लालचंद की श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने को लेकर विवादों में आए थे। इस मामले में पिता ने बेटे पर जमीन अपने नाम करवाने, मारपीट करने और प्रताडि़त करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद गांव में पंचायत हुई थी और राजेंद्र का बहिष्कार करने का फैसला लिया गया था। अब प्रस्तावित घोड़ा यात्रा और 51 लाख रुपये के इनाम के ऐलान को लेकर बाबा एक बार फिर चर्चा में हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777364 Articles

Share this story