फरीदाबाद में नहर किनारे दिखा अजगर, मची अफरा-तफरी

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद में नहर किनारे दिखा अजगर, मची अफरा-तफरी


फरीदाबाद, 02 जून (हि.स.)। फरीदाबाद जिले में सोतई गांव के नजदीक मंगलवार काे आगरा नहर के पास एक विशाल अजगर दिखाई देने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजगर काफी बड़ा था और उसकी लंबाई करीब 10 से 12 फुट आंकी गई। सूचना मिलने के बाद वन्य जीव विभाग को मामले की जानकारी दी गई, लेकिन टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही अजगर नहर की ओर बढ़ गया और पानी में उतर गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार दोपहर के समय नहर किनारे मौजूद लोगों की नजर अचानक अजगर पर पड़ी। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई राहगीरों और वाहन ड्राइवरों ने भी अपने वाहन रोक लिए और कुछ लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि आगरा नहर और उससे सटे इलाकों में समय-समय पर अजगर देखे जाते रहे हैं। गर्मी बढऩे के साथ जंगली जीव पानी और ठंडे स्थानों की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों के करीब पहुंच जाते हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ जाती है। गौरतलब है कि इससे पहले भी शहर के कई इलाकों, जिनमें बीपीटीपी पुल, हरकेश नगर, पल्ला क्षेत्र और विभिन्न आवासीय सोसायटियां शामिल हैं, वहां अजगर मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी वन्य जीव की मौजूदगी की सूचना तत्काल देने की अपील की है। वन्य एवं प्राणी विभाग के अधिकारी हंसराज ने बताया कि गर्मी के मौसम में ऐसे मामलों में बढ़ोतरी देखी जाती है। लोगों को सलाह दी गई है कि किसी भी जंगली जीव को देखने पर उसके करीब जाने की कोशिश न करें और तुरंत विभाग को सूचना दें।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story