फरीदाबाद : अपहरण कर जबरन वसूली करने के मामले में एक गिरफ्तार
फरीदाबाद, 03 मार्च (हि.स.)। अपहरण कर जबरन वसूली करने के मामले में अपराध शाखा एवीटीएस-2 की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्नी के रूप में हुई है। इससे पूर्व इस मामले में पुलिस दो आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि भूपानी निवासी अजय ने थाना भूपानी में शिकायत दी थी कि 18 अगस्त को वह काम से घर लौट रहा था। जब वह भूपानी मोड़ नाला बाईपास के पास पहुंचा तो एक कार ने उसकी स्कूटी के आगे गाड़ी लगाकर रोक लिया। गाड़ी से 2-3 युवक उतरे और स्वयं को पुलिस स्टाफ बताकर सरिया चोरी का झूठा आरोप लगाते हुए उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद वो शिकायतकर्ता को इधर-उधर घुमाते हुए मारपीट करते रहे और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपये की मांग की। उन्होंने उसे घर पर फोन कर पैसे मंगवाने को कहा। फिर उसने अपने भाई गुरमीत के पास फोन कर पैसे लेकर आने की बात कही और गुरमीत 50 हजार रुपये लेकर बताई गई जगह पर पहुंचा। आरोपियों ने रुपये लेकर उसे वहां से जाने को कहा तथा पीड़ित की अंगूठी व लोकेट भी छीन लिया और किसी को घटना के बारे में न बताने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना भूपानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि सन्नी पूर्व में गिरफ्तार अर्जुन का भाई है। अर्जुन और दीपक ने मिलकर वारदात की योजना बनाई थी और सन्नी को भी इसमें शामिल किया था। तीनों ने मिलकर शिकायतकर्ता का अपहरण किया और गाडी में बैठाकर घुमाते रहे। शिकायतकर्ता को झुठे केस में फसाने की धमकी देकर डराया और केस से बचने के लिए घर फोन करके 2 लाख रूपये मंगवाने को कहा। आरोपी को आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अर्जुन व दीपक को पहले ही गिरफ्तार कर वारदात में प्रयोग गाड़ी को बरामद किया जा चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

