फरीदाबाद : एटीएम मशीन काट लाखों रुपए चुराकर ले गए चोर

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : एटीएम मशीन काट लाखों रुपए चुराकर ले गए चोर


फरीदाबाद, 28 जुलाई (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-3 में एक एटीएम मशीन काटकर चोर लाखों रुपए की नगदी लेकर फरार हो गए। इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लगा दिए है। मामला सेक्टर-58 थाना क्षेत्र का है, जहां जेसीबी कंपनी के सामने स्थित कॉलोनी में लगे हिटाची के एटीएम को बदमाशों ने सोमवार देर रात गैस कटर से काट दिया। चोर एटीएम के अंदर रखी करीब साढ़े 5 लाख की नगदी निकालकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब स्थानीय लोगों ने एटीएम को क्षतिग्रस्त देखा, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। एक अन्य मामले में बदमाशों ने एक दुकान का ताला तोडक़र अंदर रखा सामान और 25 हजार की नगदी चोरी कर ली। सुबह दुकान मालिक जब अपनी दुकान खोलने पहुंचा तो शटर का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुकान मालिक की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों चोरी की वारदातों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल दोनों मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story