फरीदाबाद : आगरा नहर किनारे यूपी सरकार ने बनाई दीवार, लोगों ने किया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : आगरा नहर किनारे यूपी सरकार ने बनाई दीवार, लोगों ने किया विरोध


फरीदाबाद, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आगरा नहर के किनारे बनाई जा रही दीवार के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए। लोगों का कहना है कि इस दीवार के निर्माण से उनके रोजमर्रा के रास्ते बंद हो जाएंगे, जिससे लाखों लोगों का आवागमन प्रभावित होगा। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आगरा नहर के सेक्टर 28-29 पुल के पास मवई रोड पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग के खिलाफ विरोध जताया। लोगों के अनुसार, पल्ला से लेकर खेड़ी पुल तक नहर किनारे दीवार बनाई जा रही है, जिससे नहर पर आने-जाने वाले सभी रास्ते बंद हो रहे हैं। वहीं, सिंचाई विभाग का कहना है कि यह जमीन उत्तर प्रदेश सरकार की है और उसी के अंतर्गत दीवार बनाई जा रही है। पूर्व पार्षद बिजेंद्र शर्मा ने बताया कि पल्ला से खेड़ी पुल के बीच गांव मवई, गढड़ा कॉलोनी समेत दर्जनों कॉलोनियों के लोग नहर किनारे के रास्तों का इस्तेमाल करते हैं। रोजाना लाखों लोग इन रास्तों से गुजरते हैं, लेकिन दीवार बनने के बाद उन्हें लंबा चक्कर लगाकर मुख्य सडक़ों तक पहुंचना पड़ेगा, जिससे उनकी दैनिक जिंदगी पर गंभीर असर पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर रास्ते बंद किए गए तो वे मंत्री और संबंधित अधिकारियों से मिलकर इन रास्तों को खुला रखने की मांग करेंगे, ताकि लोगों का आवागमन बाधित न हो। वहीं, इस मामले में फरीदाबाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story