फरीदाबाद : अफीम सप्लायर को पुलिस ने नोएडा से किया गिरफ्तार
फरीदाबाद, 17 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस ने अफीम सप्लाई करने वाले एक युवक को नोएडा से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पुलिस द्वारा पकड़े गए दो आरोपियों की निशानदेही पर की गई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रानू निवासी नोएडा के रुप में हुई है, जिसने दो युवकों को चार लाख रुपए में 1.588 किलोग्राम अफीम तस्करी के लिए दी थी। उक्त दोनों युवकों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में अब तीन आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 16 अक्टूबर को अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने नहर पार रोड, पल्ला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए विपिन और सुखवीर को काबू किया। जिनके कब्जे से कुल 1.588 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस द्वारा अफीम और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर एनडीपीएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस प्रवक्ता ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी विपिन और सुखवीर उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं के गांव बांस बरोलिया के निवासी हैं और फिलहाल फरीदाबाद की मोहन सरपंच कॉलोनी, पल्ला में रह रहे थे। दोनों नोएडा निवासी रानू से करीब 4 लाख रुपये में अफीम खरीदकर लाए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था, ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने नोएडा में कार्रवाई करते हुए कथित सप्लायर रानू को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में अफीम की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

