फरीदाबाद : सड़क हादसे में हुई कंप्यूटर ऑपरेटर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : सड़क हादसे में हुई कंप्यूटर ऑपरेटर की मौत


फरीदाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के आईएमटी क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में एफसीआई के गोदाम में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत 31 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव दयालपुर निवासी रवि के रूप में हुई है।

मृतक के चाचा वीरेंद्र ने बताया कि रवि पिछले सात साल से एफसीआई के गोदाम में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम कर रहा था। शुक्रवार शाम को ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपनी वैगनआर कार से घर लौट रहा था। उसके साथ एक दोस्त भी मौजूद था। इसी दौरान मच्छगर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार रवि की जान चली गई। रवि परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं, जबकि छोटा भाई एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। करीब छह साल पहले रवि की शादी हुई थी। उसका चार साल का एक बेटा भी है। परिवार को उम्मीद थी कि रवि नौकरी कर घर की जिम्मेदारियां संभालेगा, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार का सहारा छीन लिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आईएमटी चौकी इंचार्ज ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रवि की वैगनआर कार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है और टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784598 Articles

Share this story