फरीदाबाद में कंटेनर और कैंटर की टक्कर, ड्राइवर की मौत
फरीदाबाद, 02 अप्रैल (हि.स.)। केजीपी हाईवे पर कंटेनर और कैंटर की टक्कर में कैंटर ड्राईवर की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कैंटर से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। मृतक के भाई धर्मवीर ने बताया कि उनका भाई दिनेश (30) करनाल से खाली कैंटर लेकर इंदौर जा रहा था। बुधवार देर रात वह केजीपी हाईवे पर थोड़ी देर के लिए बाथरूम करने के लिए रुके था। धर्मवीर के अनुसार उस समय उनका भाई कैंटर में ही मौजूद था। तभी पीछे से भारत पेट्रोलियम का एक कंटेनर तेज रफ्तार में आया और उनके कैंटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर सडक़ किनारे डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में दिनेश ट्रक के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि एंबुलेंस आने में कुछ देर हो गई। जब तक एंबुलेंस पहुंची तब तक दिनेश की हालत काफी गंभीर हो चुकी थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। धर्मवीर ने बताया कि हादसे के बाद कंटेनर का ड्राइवर अपना वाहन मौके पर छोडक़र फरार हो गया। उन्होंने बताया कि दिनेश शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। परिवार मूल रूप से हरियाणा के करनाल जिले के मोदीनपुर गांव का रहने वाला है। वहीं छांयसा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और टक्कर मारकर फरार हुए कंटेनर ड्राइवर की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

