फरीदाबाद : कंपनी की ई-मेल हैक कर 92.89 लाख की साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : कंपनी की ई-मेल हैक कर 92.89 लाख की साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार


ठगी की रकम से करीब 50 लाख रुपये का खरीदा सोना, बाकी रकम चेक और एटीएम के जरिए निकाली

फरीदाबाद, 12 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना बल्लभगढ़ टीम ने कंपनी की ई-मेल आईडी हैक कर भुगतान के लिए बैंक खाता बदलवाने और करीब 92.89 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उत्तरप्रदेश निवासी विक्रांत तथा नवीन कुमार उर्फ अमित के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम से करीब 50 लाख रुपये का सोना खरीदा गया, जबकि शेष रकम चेक और एटीएम के माध्यम से निकाली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सोमवार अदालत में पेश कर नौ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-7 ई, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति की सरूरपुर औद्योगिक क्षेत्र, सोहना रोड, फरीदाबाद में कंपनी है, जिसमें गाडिय़ों में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक पाट्र्स बनाए जाते हैं। कंपनी द्वारा एक अन्य कंपनी की विभिन्न शाखाओं में माल की सप्लाई की जाती थी और उसके बदले भुगतान ऑनलाइन बैंक खाते में प्राप्त होता था। कंपनी को सामान्यत: माल की पेमेंट समय पर मिल जाती थी, लेकिन संबंधित अवधि में भुगतान प्राप्त नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने सामान खरीदने वाली कंपनी की शाखा से संपर्क किया। वहां पता चला कि शिकायतकर्ता की कंपनी की ई-मेल आईडी से बैंक खाता बदलने के संबंध में ई-मेल भेजी गई थी। ई-मेल के माध्यम से भविष्य में भुगतान एक नए बैंक खाते में करने के लिए कहा गया था। इस पर सामान खरीदने वाली कंपनी ने 3 सितंबर से 21 सितंबर 2026 के बीच उक्त बैंक खाते में भुगतान ट्रांसफर कर दिया। बाद में शिकायतकर्ता ने अपनी कंपनी की ई-मेल आईडी और भुगतान संबंधी रिकॉर्ड की जांच कराई तो पता चला कि उनकी ओर से बैंक खाता बदलने के लिए कोई ई-मेल नहीं भेजी गई थी। जांच में करीब 92.89 लाख रुपये की धोखाधड़ी सामने आई। शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विक्रांत के पास आसिफ हुसैन नामक व्यक्ति के बैंक खाते और अन्य दस्तावेज उपलब्ध थे। कंपनी से ठगी गई पूरी रकम आसिफ हुसैन के बैंक खाते में प्राप्त हुई थी। इसके बाद विक्रांत ने उक्त खाते से करीब 50 लाख रुपये का सोना खरीदा। शेष रकम चेक और एटीएम के माध्यम से निकलवाई गई। पुलिस के अनुसार, नकदी और सोना आगे ठगी में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि दूसरे आरोपी नवीन कुमार उर्फ अमित ने खाताधारक आसिफ हुसैन के आधार कार्ड और पैन कार्ड में उसकी फोटो की जगह विक्रांत की फोटो एडिट करके लगाई थी। इन दस्तावेजों के आधार पर विक्रांत ने सोना खरीदा था। उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 9 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से ठगी की रकम के लेन-देन, खरीदे गए सोने, नकदी की निकासी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा इस साइबर ठगी में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759806 Articles

Share this story