फरीदाबाद : ई-रिक्शा के नीचे दबकर सात साल के बच्चे की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : ई-रिक्शा के नीचे दबकर सात साल के बच्चे की मौत


फरीदाबाद, 10 अगस्त (हि.स.)। फरीदाबाद में ई-रिक्शा के नीचे दबकर एक सात साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब बच्चा गली में साइकिल चला रहा था। इसी दौरान पानी की बोतलों से भरा ई-रिक्शा वहां पहुंचा, जो सडक़ पर निकले रैंप की वजह से अनियंत्रित होकर साइकिल चला रहे बच्चे के ऊपर पलट गया। हादसे होते देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ई-रिक्शा के नीचे दबे बच्चे को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। मगर, तब तक बच्चे ने दम तोड़ दिया था। इस पूरे हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चा ई-रिक्शा के नीचे आता दिखाई दिखाई दे रहा है। मृतक की पहचान सेक्टर-31 निवासी सक्षम पुत्र अजय रावत के रूप में हुई। अजय का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फतेहाबाद का रहने वाला है। अजय नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। कई सालों से यह परिवार फरीदाबाद में ही रह रहा है। रविवार शाम सक्षम अपने एक दोस्त के साथ घर के बाहर गली में साइकिल चला रहा था। वह साइकिल से एक चक्कर लगाने के बाद दोबारा घर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान जब वह घर के सामने बने टी-प्वाइंट के पास पहुंचा, तभी सामने से दूसरी तरफ से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी साइकिल टकरा गई। सीसीटीवी में दिख रहा है कि बच्चे को बचाने के लिए ई-रिक्शा चला रहा व्यक्ति उसको रैंप पर चढ़ा देता है। इस कारण रिक्शा पलट जाता है और बच्चा उसके नीचे दब जाता है। रिक्शे में पानी की बड़ी बोतलें रखी हुई थी। जिस कारण रिक्शे का वजन काफी ज्यादा था। पानी की बोतलों के कारण रैंप पर चढऩे के बाद रिक्शे का संतुलन बिगड़ गया। चीख-पुकार सुनकर पिता अजय रावत और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। करीब एक-दो मिनट के अंदर लोगों ने पलटे हुए ई-रिक्शा को हटाकर बच्चे को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल सेक्टर-19 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि सिर पर गंभीर चोट और अत्यधिक खून बहने के कारण डॉक्टर बच्चे को बचा नहीं सके। जांच के बाद डॉक्टरों ने सक्षम को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई निजामुद्दीन ने बताया कि रिक्शा चला रहे व्यक्ति को पकड़ लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने पिता अजय रावत की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story