फरीदाबाद : पुलिस ने 67 साइबर ठगों को किया गिरफ्तार, 20 लाख से राशि बरामद

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पुलिस ने 67 साइबर ठगों को किया गिरफ्तार, 20 लाख से राशि बरामद


फरीदाबाद, 27 सितंबर (हि.स.)। साइबर अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक के नेतृत्व में फरीदाबाद पुलिस के तीनों साइबर थानों की टीमों ने 19 सितम्बर से 25 सितंबर के बीच एक सप्ताह के दौरान प्रभावी कार्रवाई करते हुए 67 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपितों से 20 लाख 33 हजार 500 लाख की राशि बरामद की गई है, जबकि साइबर ठगी से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 10 लाख 67 हजार 302 की राशि विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तीनों साइबर थानों की टीमों ने कुल 15 मामलों में 67 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें साइबर थाना एनआईटी के 06 मामले, साइबर थाना सेंट्रल के 04 व साइबर थाना बल्लभगढ के 05 मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त साइबर पुलिस टीमों द्वारा 500 शिकायतों का निस्तारण किया गया है। यह कार्रवाई 19 सितम्बर से 25 सितंबर 2026 के बीच एक सप्ताह के दौरान की गई है। गिरफ्तार आरोपितों में मान सिंह राठौर, अंकित साहू, शिवा, सूरज कुमार, मुन्ना लाल, मानव शर्मा, अभिषेक, उवेश, विकाश, सूरज, निखिल कमलेश, अशोक सैन, विक्रम सिंह, पुष्पेंद्र, सतीश, शाहवेज अंसारी, रोहित कुमार, निर्माण, दुष्यंत पुरोहित, विनीत पाठक, आदि शामिल हैं। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। अपनी बैंकिंग अथवा अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी व्यक्ति को ओटीपी न बताएं। बैंक अथवा कोई भी अधिकृत संस्था फोन पर ग्राहकों से उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी नहीं मांगती। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई भी प्रावधान भारतीय कानून में नहीं है। यदि कोई व्यक्ति पुलिस, सीबीआई, ईडी या किसी अन्य एजेंसी का अधिकारी बनकर फोन पर डराने या पैसे की मांग करने का प्रयास करता है तो सतर्क रहें और उसकी बातों में न आएं।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story