एसआईआर में पिछड़ा फरीदाबाद, अब तक 45 प्रतिशत फॉर्म हुए जमा
फरीदाबाद, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत फॉर्म जमा कराने की धीमी रफ्तार प्रशासन की चिंता बढ़ा रही है। अब तक करीब 80 प्रतिशत एसआईआर फॉर्म मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं, लेकिन इनमें से केवल लगभग 45 प्रतिशत फॉर्म ही भरकर वापस जमा कराए गए हैं। ऐसे में शेष फॉर्म अगले चार दिनों के भीतर एकत्र करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 14 जुलाई के बाद किसी भी स्थिति में एसआईआर फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसके बाद 21 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि एसआईआर अभियान को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) लगातार घर-घर जाकर मतदाताओं को फॉर्म वितरित कर रहे हैं। अब तक लगभग 80 प्रतिशत फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, लेकिन केवल 45 प्रतिशत फॉर्म ही भरकर वापस प्राप्त हुए हैं। बीएलओ लगातार घर-घर जाकर लोगों की सहायता कर रहे हैं और फॉर्म भरवाकर जमा भी करा रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे 14 जुलाई की अंतिम तिथि का इंतजार न करें। बल्कि कम से कम दो दिन पहले तो अपने फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को सौंप दें, ताकि समय रहते उनका ऑनलाइन सत्यापन और अपलोड किया जा सके। अंतिम समय में अधिक संख्या में फॉर्म आने से प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। एडीसी ने कहा कि जो मतदाता निर्धारित समय सीमा तक अपना एसआईआर फॉर्म जमा नहीं कराएंगे, उनका नाम 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सकता। ऐसी स्थिति में उन्हें बाद में अपना नाम जुड़वाने के लिए अलग से प्रक्रिया पूरी करनी पड़ेगी और संबंधित अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे बिना देरी किए अपना एसआईआर फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कराएं, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में बना रहे और उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

