फरीदाबाद : मेट्रोमोनियल ऐप के जरिए 45 लाख की ठगी, तीन खाताधारक गिरफ्तार
फरीदाबाद, 03 जून (हि.स.)। मेट्रोमोनियल ऐप के जरिए 45 लाख की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने तीन खाताधारकों को दिल्ली के नरेला से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान नरेला दिल्ली निवासी हर्ष खत्री, गौरव व रिषभ के रुप में हुई है। आरोपियों को बुधवार अदालत में पेश किया गया, जहां से हर्ष को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर तथा दो अन्य को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता अनुसार, सेक्टर-2, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मेट्रोमोनियल ऐप (संगम डॉट कॉम) पर उसने अपनी प्रोफाइल बनाई थी। जिस उसकी एक लडक़ी से बातचीत शुरू हुई, बाद में फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से भी बातचीत जारी रही। लडक़ी ने खुद को एक गेमिंग कंपनी तथा आईटी कंपनी में कार्यरत बताया। शिकायतकर्ता ने परिवार से मिलने की बात कही तो कथित महिला ने बहाना बनाकर टाल दिया। फिर एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से पैसे कमाने का झांसा दिया गया। महिला ने एक लिंक साझा कर शिकायतकर्ता को कम्पनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। जिस पर शिकायतकर्ता विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर करता रहा। जब उसने अपने पैसे निकालने चाहे, तो 2 लाख रुपये की मांग की गई, जिसका भी उसने भुगतान कर दिया। इस प्रकार कुल 45 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। जिस शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपित नरेला क्षेत्र के ही रहने वाले है और एक दुसरे को काफी समय से जानते है। ऋषभ खाताधारक है। गौरव ने ऋषभ का बैंक खाता लेकर अपने साथी हर्ष को दिया था, जिस खाता में ठगी के एक लाख 85 हजार रुपए आये थे। ऋषभ का नरेला में कार वाशिंग का काम है वहीं गौरव व हर्ष प्राईवेट कम्पनी में काम करते है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

