फरीदाबाद : 45 दिन का रेल ब्लॉक खत्म, 19 एक्सप्रेस ट्रेनों की सेवाएं बहाल

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 19 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के कारण डेढ़ महीने से परेशान दैनिक यात्रियों को आखिरकार राहत मिल गई है। 45 दिन का ब्लॉक खत्म होने के बाद रेलवे ने बंद की गई ईएमयू ट्रेनों को फिर से पटरी पर उतार दिया है। साथ ही ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन पर रुकने वाली 19 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी बहाल कर दिया गया है। इससे दिल्ली, पलवल और आसपास के क्षेत्रों के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। रेलवे की ओर से बंद की गई नौ ईएमयू सेवाओं को दोबारा शुरू किया गया है। इनमें शाहदरा-बल्लभगढ़ शटल, बल्लभगढ़-शाहदरा शटल, गाजियाबाद-पलवल, पलवल-शाहदरा और नई दिल्ली-पलवल रूट की ट्रेनें शामिल हैं। इन सेवाओं के बहाल होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना ट्रेन से आवागमन करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भी यह फैसला अहम है। स्टेशन पर अब मथुरा से दिल्ली और दिल्ली से मथुरा की ओर जाने वाली कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें फिर रुकेंगी। इनमें मालवा एक्सप्रेस, ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, उज्जैनी एक्सप्रेस, केरल सुपरफास्ट एक्सप्रेस, पंजाब मेल, अंडमान एक्सप्रेस, हिमसागर एक्सप्रेस और पुणे-जम्मूतवी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों का ठहराव बंद होने से यात्रियों को दूसरे स्टेशनों से ट्रेन पकडऩी पड़ रही थी। ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 242 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। स्टेशन के एनआईटी और नेशनल हाईवे की ओर भवनों का निर्माण किया जा चुका है। अब दोनों भवनों को जोडऩे और फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए गर्डर लगाने का काम किया जाना है। इसके लिए प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन पर अलग-अलग स्थानों पर पिलर के फाउंडेशन बनाए गए हैं। ट्रेनों का संचालन और ठहराव बहाल होने के बावजूद निर्माण कार्य पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम जारी रहने के कारण यहां से ट्रेनों का ठहराव और परिचालन फिलहाल प्रभावित रहेगा। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन के निर्धारित प्लेटफॉर्म की जानकारी रेलवे की उद्घोषणा और सूचना बोर्ड से लेने की सलाह दी जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763399 Articles

Share this story