फरीदाबाद : नाबालिगों से दुष्कर्म के तीन दोषियों को 20-20 साल की कैद

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : नाबालिगों से दुष्कर्म के तीन दोषियों को 20-20 साल की कैद


प्रत्येक दोषी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया

फरीदाबाद, 27 नवंबर (हि.स.)। नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के तीन अलग-अलग मामलों में अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया है। एडिशनल सेशन जज राकेश कुमार भांकर की अदालत ने तीनों दोषियों को 20-20 साल के कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही प्रत्येक दोषी पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। तीनों मामलों में पीड़ित पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुरेश चौधरी ने पैरवी की।

पहला मामला सेक्टर-58 थाना क्षेत्र का है। 21 जनवरी 2024 को एक महिला ने अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किए जाने की शिकायत पुलिस को दी थी। महिला के अनुसार, उसकी बेटी को अनियमित मासिक धर्म की परेशानी थी। डॉक्टर से उपचार कराने के बावजूद जब समस्या दूर नहीं हुई तो डॉक्टर की सलाह पर मां ने बेटी से बातचीत की। इस दौरान किशोरी ने बताया कि उसका ताऊ का बेटा काफी समय से उसके साथ गलत काम कर रहा था। डर के कारण उसने पहले किसी को इसकी जानकारी नहीं दी थी। इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

दूसरा मामला 20 मार्च 2021 को संजय कॉलोनी चौकी में दर्ज हुआ था। 14 वर्षीय किशोरी की मां ने पड़ोस में रहने वाले राजन पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच के दौरान किशोरी को बिहार से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में आरोपी पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अदालत में चालान पेश किया। तीसरा मामला पल्ला थाना क्षेत्र का है। इसमें 16 वर्षीय किशोरी की मां ने रोहित नामक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था।

पुलिस ने जांच के दौरान किशोरी को दिल्ली के मदनपुर खादर से बरामद किया था। किशोरी ने आरोपी पर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई के बाद यह मामला भी अदालत पहुंचा। तीनों मामलों की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया। एडिशनल सेशन जज राकेश कुमार भांकर की अदालत ने प्रत्येक दोषी को 20 साल के कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। अधिवक्ता संतोष भारद्वाज ने बताया कि तीनों मामलों में पीड़ित पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुरेश चौधरी ने अदालत में प्रभावी पैरवी की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story