फरीदाबाद : 25 लाख की स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : 25 लाख की स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार


फरीदाबाद, 29 जून (हि.स.)। क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 272 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान आमिर शाह (22) गांव उदयपुर निवासी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश से स्मैक लेकर दिल्ली में सप्लाई करने के लिए आया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने साेमवार काे बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइपास रोड स्थित सेक्टर-37 के श्मशान घाट के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापेमारी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 272 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत वाणिज्यिक मात्रा की श्रेणी में आती है। इसके बाद थाना सराय ख्वाजा में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह उत्तर प्रदेश से बस के जरिए स्मैक लेकर आया था और इसे दिल्ली में सप्लाई करना था। इस खेप की डिलीवरी के बदले उसे 15 हजार रुपए मिलने थे। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए है। फिलहाल आरोपी को सोमवार अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर उससे नशा तस्करी के नेटवर्क और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story