हिसार : शराब के नशे में बेटे ने बाप को सुए से गोदकर मारा
मां ने वहशी बेटे से भाग कर बचाई जान, पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार
हिसार, 04 जुलाई (हि.स.)। साथ लगते सिवानी मंडी के वार्ड नंबर दो में शराब
के नशे में बेटे ने अपने 66 साल के पिता हरीराम की सुए से वार करके हत्या कर दी। आरोपित
ने अपनी मां बीरमति को भी जान से मारने का प्रयास लेकिन वह घर से भाग गई और अपनी बहन
के घर पहुंच कर जान बचाई। आरोपित ने अपने पिता पर आठ बार सुए से वार किया।
सूचना मिलने पर सिवानी मंडी पुलिस पुलिस और सीन आफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार दोपहर पुलिस ने नागरिक अस्पताल के शवगृह
में शव का पोस्टमार्टम करवा स्वजनों को सौंप
दिया।
नागरिक अस्पताल के शवगृह के बाहर बैठी बीरमति ने बताया कि वे मूलरूप से जींद
के रहने वाले है। इकलौता बेटा संदीप शराब पीने का आदी है। अक्सर वह शराब के नशे में
झगड़ा करता था और हम दोनों को जान से मारने की धमकी देता था। इसके चलते जनवरी माह में
सिवानी मंडी के वार्ड नंबर दो में रहने के लिए आ गए। पति हरीराम मजदूरी करता था। अप्रैल
माह में बेटा अपनी पत्नी और दो बच्चों को लेकर हमारे पास सिवानी मंडी आ गया।
शुक्रवार
रात को साढ़े 12 बजे वह शराब के नशे में आया। यह देखकर हरीराम ने उसे टोक दिया। इसी
बात को लेकर वह झगड़ा करने लगा। पहले वह सुआ लेकर मुझे मारने की दौड़ा, लेकिन मैं घर
से भाग कर वार्ड नंबर तीन में अपनी बहन के पास आ गई। पीछे उसे उसने अपने पिता पर सुए
से वारकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने अपने पिता की गर्दन व सीने पर तीन-तीन व पेट पर दो वार
किए। थोड़ी देर के बाद पौता अमन बाइक लेने के लिए घर आया तो उसने देखाकर हरीराम जमीन
पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। यह देखकर उसे एक अस्पताल में ले गए। वहां से नागरिक
अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पर लेकर आए तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिवानी मंडी थाना प्रभारी पंकज कुमार का कहना है कि आरोपित संदीप के खिलाफ
हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित से पूछताछ जारी हैं। पोस्टमार्टम
के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

