कैथल: अवैध पटाखे बनाते समय धमाका, दंपती व बेटी झुलसे

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: अवैध पटाखे बनाते समय धमाका, दंपती व बेटी झुलसे


कैथल, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव फतेहपुर में सरकारी स्कूल के पास एक किराये के मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाते समय अचानक धमाका हो गया। हादसे में पटाखे बनाने का काम कर रहे दंपती और उनकी 20 वर्षीय बेटी झुलस गए। घायलों में बलवान और उसकी बेटी सीमा को अधिक चोटें आई हैं। तीनों को पहले पूंडरी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें करनाल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैथल के गांव दिल्लोवाली निवासी बलवान अपनी पत्नी और बेटी सीमा के साथ गांव फतेहपुर में किराये के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक धमाका हो गया, जिससे तीनों इसकी चपेट में आकर झुलस गए। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मकान से काफी संख्या में तैयार पटाखे और पटाखे बनाने का सामान मिला है। सरकारी स्कूल के पास मकान में इस तरह का काम किए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मकान में पटाखे बनाने का काम किन परिस्थितियों में किया जा रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story