यमुनानगर:सड़क हादसे में हैफेड अधिकारी की दर्दनाक मौत

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:सड़क हादसे में हैफेड अधिकारी की दर्दनाक मौत


यमुनानगर, 07 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र में मंगलवार शाम हुई सड़क दुर्घटना में हैफेड विभाग के एक फील्ड इंस्पेक्टर की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान यमुनानगर निवासी सुरेंद्र कुमार (55) के रूप में हुई है, जो अपने भतीजे के साथ मंदिर से लौट रहे थे तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था और गलत दिशा में आकर सीधी टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुरेंद्र कुमार सड़क किनारे जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। भतीजे की शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आरोपी चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story