यमुनानगर:तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 20 अप्रैल (हि.स.)यमुनानगर जिले के व्यासपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। घटना के संबंध में मोहित ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार रात अपने मित्र रोकी के साथ किसी कार्य से छछरौली गया था। कार्य समाप्त करने के बाद दोनों देर रात वापिस लौट रहे थे। मोटरसाइकिल रॉकी चला रहा था और मोहित पीछे बैठा था।

दरियापुर के समीप पहुंचते ही व्यासपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कुछ देर के लिए रुका, लेकिन भीड़ जुटने पर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से घायलों को पहले व्यासपुर के सरकारी अस्पताल, फिर जगाधरी और यमुनानगर के अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। उपचार के दौरान रविवार की रात रोकी ने दम तोड़ दिया, जबकि मोहित का इलाज जारी है।

मृतक की पहचान व्यासपुर निवासी रॉकी के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story