यमुनानगर:सड़क हादसे में 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत,चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 05 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक और गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें कार की टक्कर से 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, घटना सढौरा-बिलासपुर मार्ग पर कुराली अड्डा के समीप हुई।

मृतक की पहचान संजीव कुमार के रूप में हुई है, जो अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिजनों ने बताया कि संजीव कुमार बाहरी जिले में काम करता था और समय-समय पर घर आता था। घटना वाले दिन उसने अपने भाई को फोन कर सड़क किनारे खड़े होने की सूचना दी थी। कुछ ही देर बाद जब उसका भाई उसे लेने पहुंचा, तभी तेज गति से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। बाद में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। संबंधित थाना पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी नरेश पाल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story