सिरसा: मांगों को लेकर किसानों ने लगाया धरना, सिंचाई मंत्री के आवास घेराव का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: मांगों को लेकर किसानों ने लगाया धरना, सिंचाई मंत्री के आवास घेराव का ऐलान


सिरसा, 22 जून (हि.स.)। जिले के चोपटा क्षेत्र से होकर गुजरने वाली हिसार घग्घर मल्टीपर्पज ड्रेन की सफाई व पानी निकासी को लेकर हरियाणा-राजस्थान के किसानों ने सिरसा जिले के नाथूसरी चोपटा तहसील में सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने सिंचाई विभाग के एक्सईन संदीप शर्मा को ज्ञापन सौंपा और 25 जून को हरियाणा की सिंचाई मंत्री क्षुति चौधरी के घर का घेराव करने का ऐलान किया। धरने में भादरा के पूर्व विधायक का. बलवान पूनिया, कांग्रेस नेता सुमित बैनीवाल, किसान नेता अभिमन्यु, संदीप धीरणवास, किसान नेता सुरजीत सहित कई किसान नेता टै्रक्टर ट्राली लेकर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

अखिल भारतीय किसान सभा के तत्वावधान में आयोजित रोष प्रदर्शन में किसानो ने मांग की कि हिसार घग्घर डे्रन की सफाई, हेड पर गेट लगवाने और पानी निकासी का स्थाई प्रबंध किया जाए।

किसानों ने कहा कि पिछले काफी वर्षों से डे्रन की सफाई न होने के कारण मानसून के मौसम में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। इस दौरान फसलें डूब जाती हैैं और गांव डूबने के कगार पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि 25 जून को सिंचाई मंत्री क्षुति चौधरी के घर का घेराव किया जाएगा अगर वहां भी बात नहीं बनी तो पक्का मोर्चा लगाया जाएगा।

भादरा के पूर्व विधायक बलवान पूनियां ने कहा कि गूंगी-बहरी सरकार को जगाने के लिए हमें संर्घष करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को एकजुट होकर अपने हकों की लड़ाई लडऩी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि 25 जून को हरियाणा की सिंचाई मंत्री क्षुति चौधरी के घर का घेराव किया जाएगा और उन्हें चेतावनी दी जाती है कि एक बार घग्घर डे्रन पर आकर लोगों की समस्या देखें और उसका समाधान करें। इस आक्रोश प्रदर्शन में किसानों ने जोरदार नारेबाजी की और मौके पर पहुंचे सिंचाई विभाग के एक्सईएन संदीप शर्मा को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर देवीलाल चाडीवाल, प्रदीप कुमार, हमजिंद्र, मोहित, सुरेश कुमार, आयुष, पंकज, गोपाल, भगतराम, सुलतान सिंह, गोपाल, अभिमन्यु, संदीप कुमार सहित भारी तादाद में हरियाणा-राजस्थान के किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story