हिसार : टेल पर नहीं पहुंचा पानी ताे किसानों ने दिया धरना

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : टेल पर नहीं पहुंचा पानी ताे किसानों ने दिया धरना


समस्या का समाधान न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी

हिसार, 08 जून (हि.स.)। संयुक्त किसान-मजदूर संगठन के बैनर तले जिले में चिकनवास

राणा माइनर की टेल पर किसानों ने धरना देकर सिंचाई विभाग और सरकार के खिलाफ रोष जताते

हुए नारेबाजी की। किसानों ने मांग की कि बालक नहर की टेल मोगा नंबर 99370 तक पूरा नहरी

पानी पहुंचाया जाए और नहर की जल्द सफाई करवाई जाए ताकि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई

के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।

धरने पर पहुंचे दुर्जनपुर और चिकनवास गांव के किसानों ने सोमवार को कहा कि

पिछले 6-7 वर्षों से बालक नहर में टेल तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है जिसके कारण

क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नहरी पानी की कमी

से फसलें प्रभावित हो रही हैं और किसानों को महंगे साधनों से सिंचाई करने पर मजबूर

होना पड़ रहा है।

सीटू नेता कामरेड सुरेश कुमार व अन्य किसानों ने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या

को लेकर वे कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से मिल चुके हैं। उन्होंने

बताया कि इस संबंध में विधायक रणधीर पनिहार, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, सिंचाई मंत्री

श्रुति चौधरी और नहर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी कई बार ज्ञापन और लिखित शिकायतें

भेजी जा चुकी हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

धरने पर मौजूद किसानों ने कहा कि जब भी विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया

जाता है तो नहर की सफाई के लिए संसाधनों की कमी का हवाला दिया जाता है। किसानों का

कहना है कि अधिकारियों द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन धरातल पर कोई प्रभावी

कार्रवाई नहीं होती। इससे किसानों में भारी नाराजगी है। किसानों ने आशंका जताई कि उनके

हिस्से का नहरी पानी कहीं अन्य क्षेत्रों की ओर मोड़ा जा रहा है, जिसके कारण टेल क्षेत्र

के किसानों को पूरा पानी नहीं मिल पा रहा।

धरने के दौरान किसानों ने प्रशासन से मांग की कि समस्या का तत्काल समाधान किया

जाए और बालक नहर की टेल तक नियमित और पूरा पानी सुनिश्चित किया जाए। किसानों ने चेतावनी

दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संयुक्त किसान-मजदूर संगठन

के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सिंचाई विभाग

की होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story