सिरसा: सिंचाई के लिए पानी की कमी पर भडक़े किसान
सिरसा, 24 सितंबर (हि.स.)। सिंचाई पानी की किल्लत को लेकर गुरुवार को जिले के तीन गांवों के किसानों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि पीछे नहर से पानी चोरी होता है, लेकिन विभाग सोया हुआ है। पानी के अभाव में उनकी फसलें सूख रही हैं।
गांव चोरमार के साथ लगते गांव सालमखेड़ा और जाटान के ग्रामीण एकत्रित होकर चोरमार टेल पर पहुंचे और नारेबाजी कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने बताया कि चोरमार टेल पर पिछले काफी समय से सिंचाई पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पानी की कमी के कारण उनकी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं।
उन्होंने बताया कि किसान खुद छह किलोमीटर की दूरी तक सफाई करके आए हैं, इसके बावजूद भी टेल पर पानी नहीं पहुंचा। किसानों का आरोप है कि चोरमार राजवाहा पर पीछे कालांवाली क्षेत्र में पानी चोरी होने के कारण रात को टेल पर पानी नही पहुंचता। किसानों को मजबूर होकर ट्यूबवेल का पानी लगाना पड़ता है और ट्यूबबेल का पानी खारा होने के कारण फसलों का नुकसान होता है। किसानों ने जिला प्रशासन को सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विभाग ने जल्द ही पानी की चोरी नहीं रोकी तो वे शांत नहीं बैठेंगे। तीनों गांवों के किसानों ने एकजुट होकर निर्णय लिया है कि सिरसा जाकर उपायुक्त कार्यालय का घेराव करेंगे और वहां पर धरना प्रदर्शन करेंगे। विभाग के एक्सईएन ने बताया कि नहर की सफाई न होने के कारण टेल पर पानी कम पहुंचने की समस्या आ रही है। इस समस्या के समाधान के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। सफाई कार्य पूरा होते ही टेल तक पानी का बहाव सामान्य हो जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

