यमुनानगर:किसानों ने प्रदर्शन कर, प्रस्तावित व्यापार समझौते के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:किसानों ने प्रदर्शन कर, प्रस्तावित व्यापार समझौते के खिलाफ सौंपा ज्ञापन


यमुनानगर, 30 अप्रैल (हि.स.) प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले यमुनानगर में किसानों ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान जगाधरी अनाज मंडी में एकत्रित हुए और वहां से लघु सचिवालय तक मार्च निकालते हुए अपनी नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कुछ किसान वाहन पर सवार रहे, जबकि अधिकांश पैदल मार्च में शामिल हुए।

कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रमन त्यागी भी पहुंचे और किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के जिला अध्यक्ष संजू गुंदियाना ने कहा कि विभिन्न देशों के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते कृषि क्षेत्र के लिए गंभीर चुनौती बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले से ही बढ़ती लागत, फसलों के उचित मूल्य की कमी, प्राकृतिक आपदाएं और कर्ज का बोझ किसानों को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में विदेशी कृषि उत्पादों के आयात से घरेलू बाजार में कीमतों पर दबाव बढ़ेगा और किसानों की आय पर नकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि ऐसे समझौतों से बहुराष्ट्रीय कंपनियों का प्रभाव बढ़ेगा, जिससे कृषि क्षेत्र में कॉर्पोरेट हस्तक्षेप और निजीकरण को बढ़ावा मिल सकता है। इससे न केवल किसानों की स्वायत्तता प्रभावित होगी, बल्कि खाद्य सुरक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। किसानों ने मांग की कि कृषि, डेयरी, पोल्ट्री और संबंधित गतिविधियों को किसी भी मुक्त व्यापार समझौते से बाहर रखा जाए। साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी दर्जा देने और किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। इस अवसर पर विभिन्न किसान नेता और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story