यमुनानगर:भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा


यमुनानगर, 04 जून (हि.स.) यमुनानगर में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के आह्वान पर वीरवार को किसानों ने भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के प्रति नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारी किसान जगाधरी अनाज मंडी परिसर में एकत्रित हुए, जहां से जुलूस के रूप में लघु सचिवालय पहुंचे और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि इसका असर देश के कृषि क्षेत्र, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, छोटे कारोबारियों तथा रोजगार के अवसरों पर पड़ सकता है।

इस दौरान विरोध स्वरूप केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। भाकियू के जिला अध्यक्ष संजू ने कहा कि भारत में अधिकांश कृषक छोटे और सीमांत वर्ग से आते हैं, जबकि अमेरिका में कृषि बड़े पैमाने पर आधुनिक तकनीक और सरकारी सहायता के बल पर संचालित होती है।

उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा, कृषि उत्पादन और ग्रामीण आजीविका जैसे संवेदनशील विषयों पर निर्णय लेते समय सभी संबंधित पक्षों से व्यापक विचार-विमर्श आवश्यक है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी आपत्तियों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story