सिरसा-फतेहाबाद में नहरी पानी की आपूर्ति घटाने से किसान परेशान: सैलजा

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा-फतेहाबाद में नहरी पानी की आपूर्ति घटाने से किसान परेशान: सैलजा


सिरसा, 15 नवंबर (हि.स.)। सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने सिरसा और फतेहाबाद जिलों में नहरी पानी की आपूर्ति में की गई कटौती से किसानों को सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सांसद सैलजा ने रविवार को जारी प्रेस बयान में कहा कि प्रदेश सरकार को किसानों की वास्तविक परेशानियों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए।

सैलजा ने कहा कि किसानों के अनुसार पहले नहरों में दो सप्ताह पानी आने और दो सप्ताह बंद रहने की व्यवस्था थी, लेकिन अब पानी की आपूर्ति घटाकर एक सप्ताह कर दी गई है, जबकि बंदी की अवधि दो सप्ताह रखी गई है। इससे टेल तक पानी पहुंचने में कठिनाई हो रही है। जिन क्षेत्रों में भूमिगत पानी खारा अथवा सिंचाई के अनुपयुक्त है, वहां किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। सरकार को पुरानी व्यवस्था बहाल करने तथा नहरों की टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

सांसद ने कहा कि पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति, फतेहाबाद द्वारा उठाई गई मांगों पर भी सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। समिति ने किसानों पर दर्ज मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेने, नहरी पानी की व्यवस्था सुधारने, ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने तथा फतेहाबाद में आंदोलनरत किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि धान की सरकारी खरीद में किसानों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंडियों में पारदर्शी खरीद, उचित मूल्य और निर्धारित समय में भुगतान सुनिश्चित किया जाए। दूसरी ओर गेहूं की बिजाई का महत्वपूर्ण समय होने के कारण डीएपी तथा अन्य आवश्यक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बेहद जरूरी है। खाद वितरण में पारदर्शिता हो और किसानों को लंबी कतारों में खड़ा न होना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story