सिरसा: लापता किसान का शव खेतों से मिला

WhatsApp Channel Join Now

सिरसा, 26 मई (हि.स.)। जिले के गांव चौटाला से लापता एक किसान का शव पुलिस ने खेतों से बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की पहचान गांव चौटाला निवासी पदमराज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक पदमराज का जमीन को लेकर अदालत में मामला चल रहा था। कोर्ट का फैसला उसके खिलाफ आया था जिससे वह मानसिक तनाव में था।

परिजनों के अनुसार पदमराज बीती 24 मई को बिना बताए घर से चला गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा, जिस पर पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। लोगों ने सोमवार शाम को खेतों में एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे और परिजनों ने शव की शिनाखत पदमराज के रूप में की। शुरूआती जांच में जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या करने की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story