जींद : धान की खरीद नहीं होने से भड़के किसान,दिल्ली-पटियाला मार्ग पर लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
जींद : धान की खरीद नहीं होने से भड़के किसान,दिल्ली-पटियाला मार्ग पर लगाया जाम


जींद, 12 अक्टूबर (हि.स.)। पीआर धान की खरीद में नमी का हवाला देकर फसल नहीं खरीदने से नाराज किसानों ने सोमवार को हाईवे स्थित अतिरिक्त अनाज मंडी के सामने दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर करीब तीन घंटे तक जाम लगाया। किसानों ने सड़क के दोनों तरफ ट्रैक्टर खड़े कर बीच सड़क पर धरना दिया। जाम की सूचना मिलने पर एसडीएम सुमन यादव मौके पर पहुंची और किसानों की समस्याएं सुनीं। एसडीएम के आश्वासन के बाद किसान जाम खोलने को तैयार हुए। दोपहर 12 बजे लगाया गया जाम करीब तीन बजे खोला गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारु हो गया। मंडी में अब तक करीब 1,10,691 क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। जबकि 68,293 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है।

एसडीएम ने कहा : एमएसपी से कम भुगतान नहीं होने देंगे

किसानों ने एसडीएम के सामने मांग रखी कि 17 प्रतिशत नमी वाली फसल को निर्धारित मानकों के अनुसार खरीदने और पूरे भाव का भुगतान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कौन लेगा। इस पर एसडीएम सुमन यादव ने कहा कि इसकी जिम्मेदारी वह लेती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस किसान की धान की ढेरी में 17 प्रतिशत तक नमी है और फसल नियमानुसार है, उसे 2461 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी पर खरीदा जाएगा। यदि कोई किसान से कटौती के नाम पर रुपये मांगता है तो किसान लिखित शिकायत सबूत के साथ देए ताकि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। किसानों ने कहा कि उनके खाते में एमएसपी के 2461 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान तो आता है लेकिन बाद में उनसे रुपये वापस मांग लिए जाते हैं। इस पर एसडीएम ने किसानों से ऐसे लोगों के नाम बताने और लिखित शिकायत देने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि कोई कम भाव पर फसल खरीदता है या किसान से रुपये वापस मांगता है तो इसकी जानकारी दें।

हाईवे पर वाहनों की लगी लंबी कतारें

किसानों के जाम के चलते दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया। वाहन रजबाहा रोड से अंडरपास होते हुए लिंक मार्गों के जरिए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story