हिसार व हांसी की सात मंडियों में गेट पास से लेकर खरीद व उठान तक की जांच, किसानों से भी पूछताछ

WhatsApp Channel Join Now
हिसार व हांसी की सात मंडियों में गेट पास से लेकर खरीद व उठान तक की जांच, किसानों से भी पूछताछ


हिसार व हांसी की सात मंडियों में गेट पास से लेकर खरीद व उठान तक की जांच, किसानों से भी पूछताछ


धान खरीद में गड़बड़ी की आशंका पर सीएम फ्लाइंग की मंडियों में जांच, खंगाल

रही पूरा रिकॉर्ड

हिसार, 19 नवंबर (हि.स.)। धान खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने

और संभावित अनियमितताओं का पता लगाने के लिए सीएम फ्लाइंग ने हिसार और हांसी जिले की

अनाज मंडियों में जांच शुरू कर दी है। सीएम फ्लाइंग हिसार की इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व

में टीम दोनों जिलों की प्रमुख मंडियों में धान की आवक और खरीद शुरू होने से लेकर अंतिम

दिन तक का रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच में गेट पास, किसानों की सूची, धान की आवक, खरीद,

उठान और रद्द किए गए गेट पास सहित कई महत्वपूर्ण पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। टीम

किसानों से सीधे बातचीत कर यह भी पता लगा रही है कि फसल बेचने के दौरान उन्हें किसी

तरह की अनियमितता या धोखाधड़ी का सामना तो नहीं करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, सीएम फ्लाइंग की टीम हिसार जिले की उकलाना, बरवाला, आदमपुर

और हिसार तथा हांसी जिले की हांसी, नारनौंद और बास अनाज मंडियों में जांच कर रही है।

इसके लिए संबंधित मार्केट कमेटियों और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड से धान की आवक

और खरीद का पूरा रिकॉर्ड मांगा गया है।

जांच के दौरान प्रत्येक मंडी में पीआर धान की खरीद शुरू होने और समाप्त होने

की तारीख, अब तक काटे गए गेट पास और रद्द किए गए गेट पास का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा

है। टीम यह भी पता लगा रही है कि गेट पास रद्द करने के पीछे क्या कारण रहे। दूसरे जिलों

से आकर स्थानीय मंडियों में धान बेचने वाले किसानों का ब्यौरा भी जुटाया जा रहा है,

ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनकी फसल की खरीद नियमानुसार हुई है या नहीं। टीम

गेट पास के रिकॉर्ड में यह भी जांच रही है कि कम समय के अंतराल में एक ही वाहन के दोहरे

गेट पास तो जारी नहीं किए गए। यदि ऐसा हुआ है तो उसके कारणों की पड़ताल की जा रही है।

इसके साथ ही मंडियों में धान की कुल खरीद, उठान और शेष पड़े स्टॉक की स्थिति का भी

मिलान किया जा रहा है।

सीएम फ्लाइंग की टीम मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर किसानों के पंजीकरण से

संबंधित जानकारी भी जुटा रही है। जांच का एक प्रमुख पहलू यह पता लगाना है कि कहीं किसी

किसान की फसल की बिक्री, गेट पास या खरीद के रिकॉर्ड में गलत जानकारी दर्ज कर सरकारी

खरीद प्रक्रिया का दुरुपयोग तो नहीं किया गया। इसके अलावा इस वर्ष कुछ मंडियों में

पीआर धान की आवक अधिक रहने के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story