यमुनानगर:नंबर प्लेट नियम में उलझा किसान,झोटा-बग्गी लेकर पहुंचे तो मंडी गेट पर रोका
यमुनानगर, 08 अप्रैल (हि.स.)। सरकारी प्रावधानों और व्यवहारिक परिस्थितियों के बीच तालमेल के अभाव का एक मामला यमुनानगर के खंड व्यासपुर अनाज मंडी में सामने आया, जहां एक किसान को फसल लेकर आने के बावजूद केवल तकनीकी कारणों से लंबे समय तक प्रवेश नहीं मिल सका। दरियापुर निवासी किसान प्रगट सिंह बुधवार दोपहर करीब दो क्विंटल गेहूं लेकर मंडी पहुंचे। परिवहन के लिए उनके पास ट्रैक्टर-ट्रॉली उपलब्ध नहीं थी, ऐसे में वे पारंपरिक झोटा-बग्गी के माध्यम से फसल लेकर आए। मंडी गेट पर तैनात कर्मचारियों ने वाहन पर नंबर प्लेट न होने का हवाला देते हुए उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। किसान ने मौके पर ही गेटपास जारी करने का अनुरोध किया, लेकिन कर्मचारियों द्वारा कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया। स्थिति स्पष्ट न होने के कारण कर्मचारी वहां से हट गए और किसान को लगभग डेढ़ घंटे तक मंडी के बाहर प्रतीक्षा करनी पड़ी, अंततः उन्होंने पुलिस को बुलाया।
घटना की सूचना मिलने पर भारतीय किसान यूनियन के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। बाद में मार्केट कमेटी के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने किसान का विवरण दर्ज कर झोटा-बग्गी के साथ फोटो लिया और तत्पश्चात गेटपास जारी किया। इसके बाद किसान को मंडी में प्रवेश मिल सका। प्रगट सिंह ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि खराब मौसम की आशंका के बीच इतनी देर तक रोके रखना अनुचित है। उन्होंने पूछा कि यदि इस दौरान बारिश से फसल खराब हो जाती, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

