सिरसा: किसान ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट लिखकर छोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: किसान ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट लिखकर छोड़ा


सिरसा, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले के नाथूसरी चोपटा कस्बे में एक किसान ने अपने खेत में जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल में भेज दिया गया है। मृतक किसान के भाई ने गांव के ही किसान पर प्रताडि़त करने के आरोप लगाए हैं।

गांव माखोसरानी निवासी किसान महावीर सिंह बुधवार को घर से खेत में गया हुआ था। घर पर दोपहर का खाना खाने नहीं पहुंचा तो परिजन ने फोन किया, मगर फोन बंद मिला। बाद दोपहर खेत में तलाश की तो महावीर का शव नरमा के खेत में पड़ा हुआ था। आत्महत्या करने से पहले महावीर ने एक सुसाइड नोट भी लिखा है जो कि पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

किसान के भाई साधु राम ने बताया कि गांव के ही किसान महेंद्र सिंह की कई दिन पहले खेत में खरपतवार का छिडक़ाव कर फसल नष्ट कर दी। इस पर महेंद्र सिंह ने उसके भाई महावीर पर आरोप लगा दिए, जिसके बाद वह चार-पांच दिनों से परेशान था।

मृतक के भाई साधुराम ने बताया कि महावीर ने खेत में मोगा लगाए थे। इसी को लेकर महेंद्र सिंह रंजिश रख रहा था। उसके भाई पर खरपतवार खेत में करने का आरोप लगाकर उसे प्रताडि़त किया जा रहा था।

नाथूसरी चोपटा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि किसान महावीर ने जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड किया है। मौके से सुसाइड नोट मिला है। इसको कब्जे में ले लिया है। कुछ दिन पहले किसान महेंद्र सिंह के खेत में नरमा की फसल में खरपतावार का छिडक़ाव कर दिया गया। उसकी शिकायत में महेंद्र सिंह ने महावीर पर शक होने की बात कही थी, जिसकी जांच की जा रही थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story