सांसद खेल महोत्सव में हिस्सा लें सकेंगे फरीदाबाद व पलवल के खिलाड़ी: कृष्णपाल गुर्जर
इस 13 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित
फरीदाबाद,16 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि दूसरा सांसद खेल महोत्सव 9 मार्च से 11 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस खेल महोत्सव का आयोजन भव्य होगा और पिछले सालों की अपेक्षा दोगुने खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर गुरुवार को लघु सचिवालय में दूसरे सांसद खेल महोत्सव को लेकर जिला के अधिकारियों के साथ एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली बार गर्मी के मौसम में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस बार मार्च के महीने में मौसम भी सही है, ऐसे में खिलाडिय़ों की भागीदारी भी दोगुनी की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली बार दस खेलों में 3100 खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया था। वहीं इस बार खेलों की संख्या 13 कर दी गई है और इनमें प्रतियोगिताएं भी बढ़ा दी गई हैं। ऐसे में खिलाडिय़ों की संख्या छह हजार से ज्यादा करने का लक्ष्य रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गेम के साथ उसकी एसोसिएशन को भी जोड़ा जाए।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि इस बार एथलेटिक्स में सात के स्थान पर दस इवेंट होंगे। इनमें 100 मीटर, 400 मीटर, 1500 मीटर, 5000 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप, हाई जंप, रिले रेस (4 गुणा 100 व 4 गुणा 400 मीटर) शामिल हैं। वहीं थ्रो में शॉटपुट व जैवलिन थ्रो की प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा फुटबाल, बास्केटबाल, वालीवाल, हॉकी, खो-खो, कबड्डी नेशनल, कबड्डी सर्किल, बैडमिंटन, रस्साकस्सी, पैरा बैडमिंटन, बॉक्सिंग, कुश्ती, टेबल टैनिस खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस बार ग्रामीण क्षेत्रों से भी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से पहले शनिवार को एक मैराथन भी जागरुकता के लिए आयोजित की जाएगी। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि यह खेल महोत्सव आम लोगों को खेलों के साथ जोडऩे का बहुत बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस खेल महोत्सव में अंडर-14, अंडर-19 व उसके उपर के खिलाडिय़ों के वर्ग को शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त विक्रम सिंह,एसडीएम पंकज सेतिया, एसडीएम पलवल शशी वसुंधरा, डीएसओ देवेंद्र गुलिया सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार/मनोज

